कल मुंगेली बंद: छत्तीसगढ़ बंद के समर्थन में शाम 4 बजे तक दुकानें बंद रखने की अपील


मुंगेली।
कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में हुए धर्मांतरण विवाद, जनजातीय समाज पर कथित हमलों और प्रशासनिक भेदभाव के विरोध में 24 दिसंबर को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी छत्तीसगढ़ बंद को मुंगेली जिले में भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। इस बंद के समर्थन में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा मुंगेली चैंबर ऑफ कॉमर्स ने एकजुट होकर व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।

मुंगेली चैंबर ने जिले के समस्त व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे सामाजिक एकजुटता दिखाते हुए अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान 24 दिसंबर को शाम 4 बजे तक स्वैच्छिक रूप से बंद रखें। चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि यह बंद जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और न्याय की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।

चैंबर की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल, एम्बुलेंस सेवाएं, दवा दुकानें और अन्य आवश्यक सेवाएं बंद से पूरी तरह मुक्त रहेंगी, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुंगेली चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने व्यापारियों और आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

चैंबर पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि मुंगेली का व्यापारी वर्ग हमेशा की तरह सामाजिक मुद्दों पर एकजुटता दिखाएगा और इस प्रदेशव्यापी बंद को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने में अपना योगदान देगा।

✍️ विनीत
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज
इकाई – मुंगेली
मुंगेली चैंबर ऑफ कॉमर्स


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *