दंतेश्वरी मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के आभूषण ले उड़ा चोर, CCTV में कैद वारदात


बस्तर / जगदलपुर । छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर शहर स्थित प्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोर मंदिर से सोने और चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही बस्तर पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सुबह मंदिर के पुजारी और अन्य सदस्यों द्वारा चोरी की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मंदिर परिसर और गर्भगृह के आसपास बारीकी से जांच की जा रही है।

पुराने द्वार से घुसने के संकेत
बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि राजमहल परिसर स्थित दंतेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि चोर गर्भगृह के पास स्थित पुराने द्वार से मंदिर के भीतर दाखिल हुआ। मंदिर से कितने आभूषण चोरी हुए हैं और कुल कितने का नुकसान हुआ है, इसका आंकलन किया जा रहा है।

CCTV के जरिए चोर की पहचान की कोशिश
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक चोर को चोरी करते हुए साफ देखा गया है। दान पेटी को तोड़ने की भी कोशिश की गई है। पुलिस मंदिर के साथ-साथ जगदलपुर शहर में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोर किस दिशा में फरार हुआ।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
घटना के समय मंदिर में होमगार्ड का जवान तैनात था, जिसकी भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

श्रद्धालुओं के लिए मंदिर बंद
चोरी की घटना के बाद एहतियातन दंतेश्वरी मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि दंतेश्वरी मंदिर बस्तर की आराध्य देवी का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

दंतेश्वरी देवी का छत्र विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरे के दौरान विशाल रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाता है। ऐसे में इस पवित्र मंदिर में हुई चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में रोष और चिंता का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *