ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला तस्कर गिरफ्तार


रायपुर |रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, नगद राशि और हथियार बरामद किए हैं।

थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक-22, सासाहोली स्थित अटल निवास में दबिश दी, जहां से 73 किलोग्राम गांजा, 790 नग प्रतिबंधित नाइट्रोसन टैबलेट और 03 नग बटनदार चाकू बरामद किए गए।

इसके साथ ही आरोपी महिला के कब्जे से ₹1,87,000 नकद, 06 मोबाइल फोन एवं 01 टैबलेट भी जब्त किया गया। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹41.75 लाख आंकी गई है।

गिरफ्तार महिला की पहचान मधु मिश्रा (30 वर्ष), पति परस मिश्रा, निवासी वार्ड क्रमांक-22, श्मशान घाट के पास, अटल निवास, सासाहोली, थाना तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 41/26, धारा 20(बी), 22(सी) एनडीपीएस एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुप्त चैम्बर में छिपाकर रखा गया था नशा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने घर के कमरे और अलमारियों में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैम्बर में मादक पदार्थ, प्रतिबंधित टैबलेट, नगद राशि और हथियार छिपाकर रखे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशे की सामग्री रखने और उसकी बिक्री करने की बात स्वीकार की।

बदलते अपराधी पैटर्न पर पुलिस की सख्त नजर

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज (ग्रामीण) श्री अमरेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में की गई। नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के बढ़ते दबाव के कारण नशा तस्कर अपने पारंपरिक तरीकों को छोड़ नए पैटर्न अपना रहे हैं, लेकिन इंटेलिजेंस-आधारित कार्रवाई, माइक्रो-लेवल सर्विलांस और सटीक विवेचना के जरिए पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *