CG News: रायपुर में 5 घंटे में 3 मर्डर, लेकिन बिलासपुर में पुलिस की सख्त रणनीति से शांतिपूर्ण रही होली


बिलासपुर: जहां रायपुर में होली के दिन महज पांच घंटे के भीतर तीन हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए, वहीं बिलासपुर में पुलिस की सख्त रणनीति और चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी के चलते त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे दिन असामाजिक तत्व और बदमाश पुलिस की सख्ती के कारण दुबके रहे।

होली के दिन सुबह से ही शहर में रंग और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मोहल्लों और कॉलोनियों में लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर त्योहार की बधाई देते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और लगातार पेट्रोलिंग

होली को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके साथ ही पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग करती रहीं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रिजर्व टीम को भी तैयार रखा गया था।

जिले के बड़े थाना क्षेत्रों सरकंडा और सिविल लाइन में भी पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। इक्का-दुक्का मामूली विवादों को छोड़कर पूरे जिले में होली का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।

एसएसपी ने खुद संभाली कमान, 72 घंटे तक निगरानी

पूरे सुरक्षा बंदोबस्त की कमान एसएसपी रजनेश सिंह ने खुद संभाली। करीब 72 घंटे तक पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों में सघन निगरानी रखी। वरिष्ठ अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग करते रहे और ड्यूटी पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला भी बढ़ाया।

वरिष्ठ अधिकारी भी रहे सक्रिय

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के दौरान एएसपी पंकज पटेल, मधुलिका सिंह और रामगोपाल करियारे के साथ सीएसपी निमितेष सिंह और गगन कुमार भी दिनभर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करते रहे।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बहुत कम छिटपुट विवाद हुए और कोई भी गंभीर घटना सामने नहीं आई। पुलिस ने पहले से ही असामाजिक तत्वों पर नजर रखी और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई भी की।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा,
“नशे को कहें ना और जीवन को कहें हां। युवा ही देश का भविष्य हैं। अपराध से दूर रहें और स्वस्थ जीवन जिएं।”

पुलिस की मुस्तैदी और शहरवासियों के सहयोग के कारण इस बार बिलासपुर में होली शांति और सौहार्द के साथ मनाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *