मुंगेली । ग्राम पंचायत पुछेली, विकासखंड पथरिया, जिला मुंगेली में सामाजिक अंकेक्षण विशेष ग्राम सभा का आयोजन छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई के संचालक डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंगरौल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया का मौके पर अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जनभागीदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
विशेष ग्राम सभा को संबोधित करते हुए डॉ. सिंगरौल ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण केवल शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ही सामाजिक अंकेक्षण की वास्तविक शक्ति है। गुणवत्ता पूर्ण कार्यों, निष्पक्ष मूल्यांकन और ईमानदार रिपोर्टिंग से शासन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ती है तथा जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होता है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ग्राम स्तर पर संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि शासकीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने का एक सशक्त उपकरण है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक सत्यम पटेल ने पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों, ग्राम सभा की संवैधानिक भूमिका तथा आगामी 1 जुलाई से लागू होने वाले VB-G-RAMG के विभिन्न नियमों और प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम सभाएं स्थानीय स्वशासन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और विकास कार्यों की निगरानी, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
विशेष ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेते हुए विभिन्न विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और उनकी गुणवत्ता को लेकर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मुद्दों और सुझावों को संचालक डॉ. सिंगरौल ने गंभीरता से सुना तथा सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया का स्थल पर निरीक्षण भी किया।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में पहली बार इस प्रकार की प्रभावी, संवादात्मक और जनकेंद्रित सामाजिक अंकेक्षण विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई है। इससे उन्हें अपने अधिकारों, ग्राम सभा की शक्तियों तथा विकास कार्यों की निगरानी संबंधी प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम का समापन जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
कार्यक्रम में ब्लॉक सामाजिक अंकेक्षण प्रदाता मणिशंकर बघेल, सरपंच श्रीमती संतोषी लहरे, पंचायत सचिव राजकुमार नवरंग, रोजगार सहायक संदेश कुमार बघेल, ग्राम सभा अध्यक्ष हरिचंद मरकाम, सामाजिक अंकेक्षण दल के सदस्य जलेश्वर साहू एवं इंद्रजीत नवरंग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

