वायरल वीडियो के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप, पूर्व एडिशनल एसपी राजेन्द्र जायसवाल के खिलाफ जांच के आदेश


बिलासपुर।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और खबरों ने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय ने तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं वर्तमान में अन्यत्र पदस्थ राजेन्द्र जायसवाल के विरुद्ध लगाए जा रहे गंभीर आरोपों की जांच के निर्देश दिए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर को जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें श्री जायसवाल पर स्पा सेंटर संचालकों से अवैध रूप से धनराशि की मांग करने के आरोप लगाए गए हैं। इन वीडियो की दृश्य एवं श्रव्य सामग्री पेन ड्राइव के माध्यम से पत्र के साथ संलग्न कर भेजी गई है।

वायरल हो रहे वीडियो और पोस्टों में दावा किया जा रहा है कि बिलासपुर में पदस्थ रहने के दौरान श्री जायसवाल द्वारा स्पा सेंटर संचालकों से प्रतिमाह कथित रूप से 30 हजार रुपये की मांग की जाती थी। सोशल मीडिया पर यह भी कहा जा रहा है कि संबंधित क्षेत्र में लगभग 10 स्पा सेंटर संचालित थे, जिससे कुल राशि लाखों रुपये तक बताई जा रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस महानिरीक्षक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया है कि वायरल वीडियो की सत्यता, परिस्थितियों और आरोपों की निष्पक्ष जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सके।

मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। विभागीय स्तर पर इसे गंभीरता से लिया जा रहा है, वहीं आम जनता और सोशल मीडिया पर भी इस विषय को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है।

फिलहाल, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *