पत्रकारिता की आड़ में वसूली और शासकीय कार्य में बाधा का आरोप


सरपंच ने पंचों के साथ एसपी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा। जिले में पत्रकारिता की आड़ लेकर दबंगई और वसूली करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। नवागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पुटपुरा के जनप्रतिनिधियों ने एक युवक पर खुद को पत्रकार बताकर शासकीय निर्माण कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और पैसों की मांग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को ज्ञापन सौंपा है।

ग्राम पंचायत पुटपुरा की सरपंच सुचिता देवी राठौर ने शिकायत में बताया कि 2 फरवरी 2025 को वार्ड क्रमांक 05 में सीसी रोड निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राम तिलई निवासी दीपक तिवारी नामक युवक मौके पर पहुंचा और स्वयं को पत्रकार बताते हुए पंचायत प्रतिनिधियों पर दबाव बनाने लगा। आरोप है कि युवक ने मजदूरों को काम बंद करने के लिए उकसाया, गाली-गलौज की और मौके पर मौजूद महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया, जिससे निर्माण कार्य घंटों तक बाधित रहा।

शिकायत के अनुसार, इसके बाद उक्त युवक सरपंच के निवास पहुंचा और कथित विज्ञापन के नाम पर पैसों की मांग की। पंचायत स्तर पर की गई जानकारी से यह भी सामने आया कि दीपक तिवारी जिले के किसी भी मान्यता प्राप्त समाचार पत्र, टीवी चैनल या मीडिया संस्थान से जुड़ा हुआ नहीं है।

सरपंच ने ज्ञापन में कहा है कि यदि ऐसे फर्जी पत्रकारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो पंचायतों के विकास कार्य लगातार प्रभावित होते रहेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू करने की बात कही है। यह प्रकरण पत्रकारिता की साख पर सवाल खड़े करता है और अब देखना होगा कि फर्जी पहचान के सहारे वसूली करने वालों पर कानून का शिकंजा कब तक कसता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *